उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की रफ्तार फिर बढ़ रही है। मंगलवार को प्रदेश में संक्रमितों का आंकड़ा 100 के पार पहुंच गया था। वहीं, बुधवार को प्रदेश में 70 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। साथ ही एक मरीज की मौत हुई है। जबकि 54 मरीज ठीक हुए हैं। 383 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बुधवार को 1063 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।
देहरादून जिले में सबसे ज्यादा 54, अल्मोड़ा और टिहरी में एक-एक, हरिद्वार में चार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में पांच-पांच मरीज सामने आए हैं।
सार्वजनिक स्थानों, भीड़भाड़ भरे बाजारों में कोरोना गाइडलाइन की उड़ाई जा रहीं धज्जियां
राजधानी दून समेत राज्य के सभी जिलों में फिर से कोरोना संक्रमण का ग्राफ बढ़ने लगा है। इसके लिए कोई और नहीं कहीं न कहीं हम लोग ही जिम्मेदार हैं। अगर अब भी हमने सावधानी नहीं बरती तो कोरोना संक्रमण के फिर से विकराल रूप लेने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है। शहर की हर गली से लेकर बाजारों तक में कोरोना गाइड लाइन की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
स्वास्थ विभाग के आंकड़ों पर ही नजर डालें तो एक दिन पहले राजधानी दून समेत पूरे जिले में कोरोना संक्रमण के 24 घंटे के भीतर 51 मरीज सामने आए थे जबकि पूरे प्रदेश में यह संख्या 102 थी। आज की तारीख में देहरादून जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 232 है। अगर अब भी लोग नहीं चेते तो इस संख्या में दिन दूना और रात चौगुना इजाफा होने से कोई नहीं रोक सकता है। जनता की लापरवाही के चलते कोरोना संक्रमण रोकने के लिए सरकार, शासन और जिला प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयास बेमानी साबित हो रहे हैं।
कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य की ओर से तमाम कदम उठाए गए हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आदेश जारी किए गए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाएं और ऐसे लोगों को चिह्नित करें जो बगैर मास्क के भीड़भाड़ वाले बाजारों में घूम रहे हैं। ऐसे लोगों को चिह्नित करने के साथ ही उन पर पांच सौ रुपये जुर्माना भी लगाया जाए। मै खुद भीड़भाड़ वाले बाजारों का जायजा लूंगा और यदि बाजारों में कोई भी व्यक्ति बिना मास्क के घूमता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
– डॉ. आर राजेश कुमार, जिलाधिकारी