केदारनाथ पैदल मार्ग पर हादसा, मलबे में दबे महाराष्‍ट्र व गुजरात के कई यात्री…

केदारनाथ पैदल मार्ग पर रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। यहां मलबा आने के कारण कई यात्रियों के मलबे में दबे होने की सूचना है।
तीन यात्रियों के शवों को मलबे से निकाल लिया गया है। इन सभी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। जबकि आठ अन्य घायल हैं। घायलों में गुजरात और महाराष्‍ट्र के यात्री बताए जा रहे हैं।

मृतकों के नाम:-
किशोर अरुण पराटे, महाराष्‍ट्र, उम्र 21 साल
अनुराग बिष्‍ट, तिलवाड़ा
सुनील महादेव, महाराष्‍ट्र, उम्र 24 साल

घायलों के नाम:-
चेला भाई चौधरी, गुजरात, उम्र 23 साल
जगदीश पुरोहित, गुजरात, उम्र 45 साल
अभिषेक चौहान, महाराष्‍ट्र, उम्र 18 साल
धनेश्‍वर दांडे, महाराष्‍ट, उम्र 27 साल
हरदाना भाई पटेल, गुजरात

मुख्‍यमंत्री धामी ने व्‍यक्‍त किया दुख:- वहीं हादसे पर मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंंह धामी ने दुख व्‍यक्‍त किया है। उन्‍होंने कहा- ‘केदारनाथ यात्रा मार्ग के पास पहाड़ी से मलबा व भारी पत्थर गिरने से कुछ यात्रियों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुःखद है। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है, इस सम्बन्ध में निरंतर अधिकारियों के संपर्क में हूं। हादसे में घायल हुए लोगों को त्वरित रूप से बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर दिवंगतों की आत्मा को श्री चरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’

चीरबासा के पास पहाड़ी से आया मलबा व भारी पत्थर:- जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नन्दन सिंह रजवार ने बताया कि आपदा कन्ट्रोल रूम को रविवार सुबह 7.30 बजे के करीब सूचना प्राप्त हुई कि केदारनाथ यात्रा मार्ग पर चीरबासा के पास पहाड़ी से मलबा व भारी पत्थर आने से यात्रियों के दबने की सूचना है।
सूचना मिलते ही यात्रा मार्ग में तैनात सुरक्षा कर्मी, जिसमें एनडीआरएफ, डीडीआर, वाईएमएफ प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में लग गई। रेस्क्यू टीम द्वारा मलबे से तीन व्यक्तियों के शवों को निकाल लिया गया। आठ अन्‍य घायलों के अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है।