बद्रीनाथ और मंगलौर विधानसभा सीट पर उपचुनाव आज…

बदरीनाथ और मंगलौर विधानसभा सीट पर आज उपचुनाव होगा। मतदान सुबह आठ से शाम छह बजे तक होगा।
सभी मतदान केंद्रों तक पोलिंग पार्टियां पहुंच चुकी हैं। बदरीनाथ से भाजपा ने पूर्व विधायक राजेंद्र भंडारी को प्रत्याशी बनाया है। भंडारी लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे।

बदरीनाथ विधानसभा में मतदान जारी:- जनपद चमोली में बदरीनाथ विधानसभा में 105 मतदेय स्थलों से वेबकास्टिंग की जा रही है। बदरीनाथ विधानसभा के मतदेय स्थलों पर प्रातः 6ः30 बजे मॉक पोल शुरू हुए। मॉक पोल के पश्चात सुबह 8.00 बजे से मतदान प्रारंभ हो चुका है। बदरीनाथ विधानसभा उप चुनाव में पहले एक घंटे में 9.00 बजे तक 7.62 प्रतिशत मतदान हुआ।

मंगलौर विधानसभा में मतदान जारी:- रुड़की के मंगलौर विधानसभा उपचुनाव में सुबह 8:00 बजे से मतदान शुरू हो गया है। विभिन्न स्थानों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी लाइन लगी हुई है। वहीं प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अर्धसैनिक बलों के अलावा बड़ी संख्या में पुलिस पीएससी के जवान तैनात हैं।

कांग्रेस और बसपा प्रत्याशी के समर्थक भिड़े:- मंगलौर विधानसभा उप चुनाव में पहले एक घंटे में 9.00 बजे तक 8.74 प्रतिशत मतदान हुआ। मंगलौर विधानसभा के उपचुनाव में लिब्बरहेडी के बूथ नंबर 54 पर कांग्रेस और बसपा प्रत्याशी के समर्थक आपस में भिड़ गए। इस दौरान फायरिंग की सूचना है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल रवाना किया गया है।
भाजपा ने मंगलौर विधानसभा सीट से करतार सिंह भड़ाना को प्रत्याशी बनाया है। भड़ाना हरियाणा और उत्तर प्रदेश में विधायक रह चुके हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। जबकि कांग्रेस ने मंगलौर सीट से पूर्व विधायक काजी मोहम्मद निजामुद्दीन और बदरीनाथ सीट से लखपत बुटोला पर दांव लगाया है।