राजधानी में अब सुबह के वक्त भी गर्मी बढ़ने लगी है। इस वजह से शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली के कुछ इलाकों न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा।
मौसम विभाग ने कुछ जगहों पर हल्की वर्षा होने की संभावना व्यक्त की थी। देर शाम तक कई हल्की वर्षा तो नहीं हुई, लेकिन दिन में आंशिक बादल छाए रहे।
आज कैसा रहेगा मौसम:- मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को आकाश में आंशिक बादल छाए रहेंगे। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चल सकती है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सोमवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा।
कितना रहा तापमान:- मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है। इस वजह से शनिवार की सुबह दो वर्षों में मार्च के माह में अब तक सबसे गर्म सुबह रही।
इसके पहले वर्ष 2022 में 22 मार्च को न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस व 28 मार्च को 22.2 डिग्री सेल्सियस तापमान था। इसके बाद इस बार 30 मार्च को न्यूनतम तापमान अधिक रहा है। न्यूनतम तापमान स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में सबसे अधिक 26.9 डिग्री सेल्सियस और पीतमपुरा में 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
अधिकतम तापमान नजफगढ़ में सबसे अधिक 36.6 डिग्री सेल्सियस, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में 36.3 डिग्री सेल्सियस और पीतमपुरा में 36.1 डिग्री सेल्सियस रहा। एक दिन पहले पालम में 0.2 मिलीमीटर, आया नगर में 0.5 मिलीमीटर वर्षा हुई थी।
मध्यम श्रेणी में रही हवा की गुणवत्ता:- दिल्ली में शनिवार को प्रदूषण के स्तर में आंशिक बढ़ोतरी हुई लेकिन हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बरकरार रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार अगले तीन तक दिल्ली में हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बनी रहेगी।
सीपीसीबी की रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली का एयर इंडेक्स 189, गाजियाबाद का एयर इंडेक्स 138, गुरुग्राम का 199 व नोएडा का एयर इंडेक्स 165 रहा। इस वजह से इन शहरों में हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही। फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 222, ग्रेटर नोएडा का एयर इंडेक्स 218 रहा, जो खराब श्रेणी में है।