मंगोलपुरी की जूता फैक्ट्री में भीषण आग, दम घुटने से चार मजदूरों की मौत, दो की हालत गंभीर

बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 में जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग,दमकलकर्मियों ने कई घंटों तक चलाया ऑपरेशन,चार लोगों की मौत,दो घायल

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 में शुक्रवार रात एक जूता फैक्ट्री में भीषण आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं. हादसा बी-293/294 स्थित फैक्ट्री में रात करीब 9:30 बजे हुआ. आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं. दमकलकर्मियों ने कई घंटों तक आग बुझाने और फैक्ट्री में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए आपरेशन चलाया.

पुलिस के अनुसार, बचाव अभियान के दौरान फैक्ट्री के अंदर से छह लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया. सभी को तत्काल संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल, मंगोलपुरी पहुंचाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने इनमें से चार को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो का उपचार जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग फैक्ट्री के बेसमेंट में लगी थी। इसके बाद आग और धुआं ऊपर की मंजिलों तक फैल गया। फैक्ट्री के अंदर धुएं की मात्रा काफी अधिक होने के कारण बचाव अभियान में भी मुश्किलें आईं.

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. दमकल विभाग ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया. छह लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से चार की मौत हो चुकी है और दो का इलाज चल रहा है. उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग बेसमेंट में शुरू हुई और धुआं ऊपर तक फैल गया था.

डीसीपी के मुताबिक, फैक्ट्री मालिक को बुलाया गया है. ठेकेदार और वहां काम करने वाले कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि हादसे के समय फैक्ट्री में कुल कितने मजदूर मौजूद थे. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आग लगने के समय फैक्ट्री के अंदर कितने लोग फंसे हुए थे और आग किन परिस्थितियों में लगी.

फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग का तलाशी एवं बचाव अभियान जारी है. हादसे के संबंध में पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. आग लगने के वास्तविक कारणों और फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजामों की स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.