कुमाऊं के लोग सावधान! इन जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट…

प्रदेशभर में मानसून की वर्षा का दौर जारी है। रविवार को कुमाऊं मंडल के चंपावत, नैनीताल व उधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी से अत्यंत भारी वर्षा हो सकती है। संभावित खतरे को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा पौड़ी, पिथौरागढ़, बागेश्वर और अल्मोड़ा में कहीं-कहीं एक से दो दौर भारी वर्षा के हो सकते हैं। इसे देखते हुए आरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा देहरादून समेत प्रदेश के अन्य जनपदों में एक से दो दौर तेज वर्षा के होने की संभावना है। इन जनपदों मे यलो अलर्ट है।

बदरीनाथ हाईवे कई जगह मलबा आने से बंद:- चमोली में रात्रि से जारी बारिश रविवार सुबह थमी। यहां बादलों के बीच हल्की धूप निकली है। बदरीनाथ हाईवे पागलनाला, गुलाब कोटी और सेलंग में मलबा-पत्थर आने के कारण अवरूद्ध है। यात्री पड़ावों पर हाईवे खुलने का इंतजार कर रहे हैं।

गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बंद:- उत्तरकाशी जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्र में मौसम साफ है। शनिवार रात को कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई है। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बिशनपुर के पास मलबा व पत्थर आने के कारण मार्ग बाधित है। उक्त स्थान पर बीआरओ के द्वारा मार्ग खोलने का कार्य गतिमान है। बीआरओ की ओर से दो जेसीबी, एक लोडर, एक ट्रैक्टर मशीनरी द्वारा कार्य गतिमान है। मार्ग बाधित होने के दृष्टिगत ट्रैफिक को उत्तरकाशी, मनेरी, भटवाड़ी आदि सुरक्षित स्थानों पर रुकवा दिया गया है।यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारू है।

उमस और गर्मी ने किया बेहाल:- कुछ पर्वतीय जनपदों में अभी तक अपेक्षाकृत वर्षा कम हुई है। चमोली और रुद्रप्रयाग के ऊंचाई वाले क्षेत्रों को छोड़ दिया जाए तो निचले क्षेत्रों में वर्षा अपेक्षाकृत कम हुई है। उमस और गर्मी ने बेहाल किया हुआ है।
केदारनाथ, मनसूना, गुप्तकाशी, बदरीनाथ, गोविंदघाट, जोशीमठ, थराली आदि क्षेत्रों में तो वर्षा पर्याप्त हो रही है, लेकिन निचले क्षेत्रों में पिछले दस दिन में एक-दो बार ही कुछ समय के लिए वर्षा हुई है। देहरादून जनपद मे शनिवार को पूरे दिन वर्षा नहीं हुई। जिससे तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 34.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
पंतनगर का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 36.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। टिहरी का अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम मापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि रविवार एवं सोमवार को कुमाऊं मंडल के तीन जनपदों में अत्यंत भारी वर्षा का रेड अलर्ट है। बाकी जनपदों में भी मध्यम से तेज वर्षा के एक से अधिक दौर होने की संभावना है।

हरिपुर और आशारोडी में छह घंटे में हुई 171 मिमी वर्षा:- शुक्रवार रात करीब करीब आठ बजे से रात दो बजे तक छह घंटे दून के समीप हरिपुर व आशारोड़ी में सर्वाधिक 171 मिमी, झाझरा में में 162 मिमी, नरेंद्रनगर में 85.2 मिमी, मसूरी मे 72.6 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई।
देहरादून के आइसीबीटी, कारगी, बंजारावाला, घंटाघर, चकराता, गढ़ीकैंट, प्रेमनगर, राजपुर रोड, जाखन आदि क्षेत्र में रात आठ से करीब आठ घंटे मूसलधार वर्षा होने से जगह-जगह सड़कों पर जलभराव हुआ।
इस दौरान बिंदाल और सिस्पना नदी में उफान देखा गया। हालांकि शनिवार तड़के चार बजे से वर्षा बंद होने से राहत मिली। शनिवार दिनभर दून में वर्षा नहीं हुई।