उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल मंडरा रहे हैं। हालांकि, प्रदेशभर में वर्षा की कोई सूचना नहीं है, लेकिन मौसम के बदले मिजाज से तापमान में गिरावट जरूर आई है। जिससे फिलहाल गर्मी से राहत है। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादलों के साथ हल्की हवा चलने से अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिन पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने के आसार हैं। कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने से लेकर आंशिक बादल छाने की संभावना है।
दून में सोमवार को सुबह से ही बादलों के बीच धूप की आंख-मिचौनी चलती रही। आसपास के क्षेत्रों में भी आंशिक बादल मंडराते रहे। जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। 24 घंटे के भीतर दून और आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम पारे में चार डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई।
ज्यादातर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में पारे में वृद्धि दर्ज की जा सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, आज यानी मंगलवार को पिथौरागढ़, उत्तरकाशी और चमोली में हल्की वर्षा के आसार हैं। देहरादून समेत अन्य निचले क्षेत्रों में आंशिक बादल मंडराने से लेकर मौसम शुष्क रह सकता है।