मानसून में सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा पहुंचा तापमान…

उत्तराखंड में मानसून की बारिश फिर जोर पकड़ सकती है। खासकर कुमाऊं में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है।
बुधवार को भी देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में तीव्र बौछारों के एक से दो दौर हो सकते हैं। दून में मंगलवार को सुबह से चटख धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद आसमान में बादल मंडराने लगे।

कोटद्वार में राजमार्ग बाधित:- कोटद्वार क्षेत्र में भले ही बारिश न हो रही हो। लेकिन आमसौड़, दुगड्डा व ऊपरी पर्वतीय क्षेत्रों में इस वक्त तेज बारिश हो रही है। वर्षा के कारण दुर्गा देवी मंदिर के समीप राजमार्ग बाधित हो गया है। भूस्खलन की जद में आए आमसौड़ के ग्रामीण भी घरों से बाहर निकल सुरक्षित स्थान की तरफ चले गए हैं। कोटद्वार में बारिश की संभावना है।

गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सुचारू:- उत्तरकाशी जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्र में बादल छाए हुए हैं। जिले में रात के समय कहीं भी वर्षा नहीं हुई है।‌ गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सुचारू है। जिले के दो संपर्क मार्ग अवरूद्ध हैं।

रुड़की में एक ही दिन में तापमान ने लगाई 4.5 डिग्री सेल्सियस की छलांग:- शिक्षानगरी के दिन के तापमान ने एक ही दिन में 4.5 डिग्री सेल्सियस की छलांग लगा दी। सोमवार की तुलना में मंगलवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 36.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जोकि सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
शहर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को मानसून के सीजन में भी भीषण गर्मी झेलनी पड़ रही है। जिस कारण लोगों का हाल बेहाल हो रखा है। उमस भरी गर्मी की वजह से लोग दिनभर पसीना-पसीना हो रहे हैं। विभिन्न इलाकों में होने वाली बिजली कटौती की समस्या ने लोगों की परेशानी को और अधिक बढ़ा दिया है। वहीं, मंगलवार को तेज धूप खिली। दिनभर में कई बार बादल भी आए, लेकिन एकाएक गायब भी हो गए।
मंगलवार को शहर का न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। उधर, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को आसमान में बादल छाने और वर्षा की संभावना बनी हुई है।