मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आमबजट को ऐतिहासिक, दूरदर्शी, समावेशी, सर्वस्पर्शी व सर्वग्राही करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट देशवासियों की आकांक्षाओं को साकार करेगा व देश को नई दिशा और गति प्रदान करेगा।
मंगलवार को सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड में दैवीय आपदा से होने वाले नुकसान के लिए विशेष सहायता पैकेज देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि इस विशेष पैकेज के माध्यम से प्रदेश में आपदाओं से होने वाली क्षति राज्य के विकास की गति को बाधित नहीं कर सकेगी।
नौ प्राथमिकताओं को बजट में किया शामिल:- उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने विकसित भारत के लिए नौ प्राथमिकताओं को बजट में शामिल किया है, जो भारत के समग्र विकास को सशक्त करने में कारगर साबित होगी। यह बजट आम आदमी के जीवन में खुशहाली लाने का काम करेगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण की शुरुआत के लिए केंद्र सरकार का आभार प्रकट किया।
उन्होंने कहा कि इस निर्णय से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क को और अधिक मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई कर प्रणाली से सरकारी कर्मचारियों व पेंशनरों को राहत मिलेगी। बजट में नए इंडस्ट्रीयल पार्क खोलने की घोषणा पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गत वर्ष हुए वैश्विक निवेशक सम्मेलन में साढ़े तीन लाख करोड़ से अधिक के करार हुए हैं। ऐसे पार्कों के निर्माण से उत्तराखंड को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में पीएम सूर्यघर योजना के तहत सोलर ऊर्जा को प्रोत्साहित किया गया है। इससे राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों को लाभ मिलेगा। बजट में घरेलू संस्थानों में उच्च शिक्षा के लिए छात्रों को 10 लाख रुपये का ऋण देने की व्यवस्था की गई है। कौशल विकास के लिए ऋण की व्यवस्था की गई है। साथ ही मुख्य फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य की घोषणा की गई है।
उन्होंने कहा कि पहली बार नौकरी पाने वालों के लिए एक लाख रुपये से कम वेतन होने पर 15 हजार रुपये की मदद मिलेगी। जिन्हें सरकारी योजनाओं के तहत कोई फायदा नहीं मिल रहा है, उन्हें देशभर के संस्थानों में प्रवेश पाने के लिए प्रवेश ऋण मिलेगा। यह ऋण हर साल एक लाख छात्रों को मिलेगा। इससे निश्चित रूप से प्रदेश के युवाओं को भी लाभ मिलेगा।
राज्य में डबल इंजन सरकार की गति कई गुना होगी तीव्र : भट्ट:- गढ़वाल सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तीसरे कार्यकाल का पहला बजट देश के चहुंमुखी विकास का आधार है। यह भारत को नई गति प्रदान करेगा। यही नहीं, बजट में मध्य हिमालयी राज्य उत्तराखंड के लिए भी विशेष प्रविधान किए गए हैं।
सांसद बलूनी ने बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह राष्ट्र को आर्थिक रूप से मजबूती देने वाला है। साथ ही यह सबका साथ-सबका विकास का प्रतिबिंब है। बजट में महिला, युवा, बेरोजगार, किसान, व्यापारी, करदाता से लेकर हर वर्ग को आच्छादित किया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लिए विशेष प्रविधान इस बजट में किए गए हैं। राज्य हर साल ही प्राकृतिक आपदाओं का सामना करता है।
बादल फटना, भूस्खलन जैसी आपदाओं से राज्य को जान-माल का भारी नुकसान झेलना पडृता है। उन्होंने कहा कि बजट में बाढ़ नियंत्रण और आपदा प्रबंधन के लिए उत्तराखंड समेत पहाड़ी राज्यों के लिए प्रविधान किए हैं। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पहाड़ के प्रति संरक्षण, समर्पण व सेवा भाव को दर्शाता है। उन्होंने इसके लिए राज्य की ओर से प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार जताया है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर और विकसित भारत की संकल्प पूर्ति वाला है। उन्होंने कहा कि बजट से प्राप्त होने वाले ईंधन से उत्तराखंड में डबल इंजन सरकार की गति कई गुना तीव्र होगी। इससे उत्तराखंड, अमृतकाल में श्रेष्ठ राज्य बनने के अपने सफर को निर्णायक चरण में ले जाने में सफल होगा।
उन्होंने बाढ़ एवं आपदा से नुकसान की भरपाई के लिए बजट में राज्य के लिए विशेष मदद की घोषणा का स्वागत किया है। राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा के राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष नरेश बंसल ने कहा कि बजट में गरीब, युवा, अन्नदाता, नारीशक्ति सभी के सशक्तीकरण की झलक है। राज्य की दृष्टि से आपदा प्रबंधन को विशेष प्रविधान किया गया है तो यहां चल रही तमाम परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का अवसर बजट में है।